राष्ट्रीय पर्व से ड्राई-डे का सफ़र…(भाग-२)

गाँधीजी का मक़सद स्पष्ट था- ब्रिटिश सत्ता से सबसे निचले स्तर पर संघर्ष करना। और गाँधी की सबसे बड़ी असफलता भी यहीं रही।

सत्य तो यह था कि कुटिल ब्रिटिश शासन ने भारतीय जनता का शोषण सीधे नहीं किया, बल्कि सामंतों-जमींदारों जैसे बिचौलियों के माध्यम से। फिर भी किसान की पैरवी करने के बावजूद गाँधीजी उसे जमींदार के ख़िलाफ़ खड़े होने से लगातार मना करते रहे। जब मिदनापुर और गुंटूर के किसानों ने अंग्रेजों के साथ-साथ जमींदारों को भी लगान देने से मना किया*, तो गाँधीजी गृहयुद्ध जैसी स्थिति की कल्पना से भयभीत हो उठे। कईयों की भाँति मेरा भी मानना है कि गाँधीजी ने वर्ग-संघर्ष को मूर्त होने से रोकने के लिये असहयोग आंदोलन को स्थगित किया, चौरीचौरा तो एक साइड रीजन था। यहीं बूर्ज्वा के अलंबरदार होने का ठप्पा गाँधीजी पर कुछ यूँ लगा कि बिरला भवन में मरने के बाद से आज तक धुल् नहीं पाया। और इसका दूरगामी परिणाम यह हुआ, कि आजादी मिलते ही सारे रायबहादुर, रायसाहब, जमींदार, राजे-महराजे प्रिंस सूट को खद्दर से स्विच ओवर कर चरखे पे बैठ गये। अंग्रेजों के जाने के बाद पूर्ण स्वराज की क्रांति की धारा जिनके विरुद्ध मोड़नी थी, वही शासक बन बैठे। गोरे साहब गये तो ‘काले साहब’ गद्दीनशीन हुए। एक अभूतपूर्व क्रांति का ऐसा अभूतपूर्व बंटाधार इतिहास में और कहीं नहीं मिलता।

कुछ लोग मेरी इस बात से असहमत होंगे और सत्य भी है कि ग्राम स्वराज की बात करने वाले गाँधी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनका मुख्य प्रोटेगोनिस्ट किसान इतना मजबूर, इतना मजलूम हो जायेगा। लेकिन मेरा मानना है कि यह भारतीय बुर्जुआ वर्ग को काँग्रेस के साथ जोड़ने के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि आज स्थिति पहले से ज्यादा बदतर है। संसाधनों का वितरण इतना असमान और असंतुलित हो गया है कि पचास-एक लोगों के पास इतनी दौलत है कि तीसरी दुनिया के आधे मुल्क़ खरीद लें, तो चालीस फीसदी जनता के पास एक ही रोटी है- तय करना पड़ता है कि सुबह खायेंगे या शाम को।

गाँधीजी को शायद इस भवितव्य का आभास हो गया था। संभवतः इसी कारण उन्होंने काँग्रेस को डिजॉल्व करने की बात की थी। लेकिन अन्य नेताओं में इतना साहस नहीं था। स्वयं नेहरू ने एडविना माउंटबेटन से यह बात कही थी**-

“We had lost all our faith in the divine cause of struggle for independence. We were praying that all this may get over soon. We had forgotten the loving caresses, family and all. I don’t think that any of us were ready to be tried and tested again. ” (स्वतंत्रता के लिये संघर्ष में हमारी आस्था समाप्त हो चुकी थी और हम बस दुआ कर रहे थे कि यह सब जल्द खत्म हो। हम स्नेहिल स्पर्श, परिवार और प्रेम भूल चुके थे और शायद ही हममें से कोई पुनः ऐसी परीक्षा देने को तैयार रहा होगा।)

यही हुआ कि थके हुए नेताओं ने जब मिली, जैसे मिली, जिस कीमत पर मिली, आजादी को स्वीकार किया और इतिहास के दृष्टिकोण से नवजात, लेकिन मानसिक रूप से बूढ़ा, आत्मबल-हत भारतीय समाज जैसे-तैसे रेंगता आगे बढ़ने लगा।

यशपाल अपने उपन्यास ‘झूठा सच’ में लिखते हैं कि 1948 में नेहरू जी की पुकार- अब नये सिरे से शुरु करना है/अपनी तक़दीर के मालिक हम ख़ुद हैं/ आदि राष्ट्र को उनके समान ही स्वप्न देखने पर मजबूर कर देती थी। लेकिन जब 15 साल बाद भी बूढ़े हो रहे नेहरू जी के शब्द नहीं बदले, तो समझ में नहीं आया कि धोखा कहाँ हुआ ! और तबसे आजतक ६० साल में भी कुछ भी तो नहीं बदला। नये सिरे से शुरुआत कभी नहीं हो पाई, और देश की जनता की तक़दीर आज भी उच्चवर्ग और नेता की दुरभिसंधि में कहीं बंधक है।

कहीं सुना था कि एक सच्चे महात्मा के पीछे हजारों पाखंडियों की भीड़ होती है। गाँधीजी के चेलों ने उनसे नैतिकता, चरित्र, पारदर्शिता, संयम और आत्मबल भले ही न सीखा हो, लेकिन लड़्कियों के कंधे पर हाथ रखना और गाल थपथपाना जरूर सीख लिया है। एक दार्शनिक विचारधारा की ऐसी ही परिणति होगी, अगर उसे सच्चे उत्तराधिकारी न मिल सके।

आज गाँधी नहीं हैं लेकिन विचार ज़िन्दा है। गाँधीवाद न सही, गाँधीगिरी ही सही। दिलों में न सही टी-शर्ट पे ही सही, उनकी तस्वीर अँकी तो है। लेकिन गाँधीजी जो प्रश्न हमारे लिये छोड़ गये थे, हम आज तक उनके समीकरण ही नहीं बना पाये हैं। गाँधी को राष्ट्र्पिता का दर्जा देकर हमने उन्हें पूजनीय तो बना दिया है लेकिन हमारे पापों के लिये अपना खून बहाने वाले उस शख़्स के चरित्र से, यहाँ तक कि उनकी गलतियों से जबतक यह देश सबक नहीं लेगा, इंडिया और भारत के बीच की खाई चौड़ी होती ही जायेगी। (..समाप्त)

सन्दर्भ: * इंडिया टुडे (आर.पी. दत्त)

** एडविना एंड नेहरू (कैथरीन क्लैमां)

ठेलनोपरांत- राजीव गाँधी अगर दो साल और जी लिये होते तो हमारे गाँव में भी इंटरनेट कनेक्शन होता। लिट्टे (अल्लाह मियाँ उन्हें जन्नत नसीब करे) की साजिश के चलते अगले दस दिनों के लिये सम्पर्क टूट रहा है। पटाखे फोड़ने हर साल की तरह इस साल भी गाँव जा रहा हूँ। देखते हैं इस साल महँगाई का गेहूँ की बालियों की खुशबू पर क्या असर पड़ा है।

राष्ट्रीय पर्व से ड्राई-डे का सफ़र..(भाग-१)


आज उस शख्स पर कुछ लिखने का मन कर रहा है, जो व्यक्तित्व की सीमाओं से परे उठकर एक विचारधारा, एक ‘वाद’ बन चुका है। जिसे दो महाद्वीपों की जनता ने एक काल में पूजा, दो देशों की संसदों ने जिसे धर्म प्रचारकों ईसा, हजरत, बुद्ध के बाद गुजरी सहस्राब्दि तक का सबसे महत्वपूर्ण व्यक्तित्व घोषित किया; फिर भी जिसका फंतासी चरित्र इतना विवादास्पद और विरोधाभासी रहा कि उसकी मृत्यु के ६० साल बाद भी हम आज तक तय नहीं कर पाये कि कि क्या गाँधी सचमुच ‘महात्मा’ थे..?

मैं तो उस पीढ़ी की पैदाइश हूँ, जिसमें गाँधी को गाली देना एक आम फैशन है। वह पीढ़ी जो अस्तित्व के अभूतपूर्व संकट का सामना कर रही है। जो अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि गियर कैसे बदला जाय कि मूल्य, भावनाएं और विरासत पीछे न छूट जायें.. और सबसे बढ़्कर, इस सफ़र में उन्हें साथ ले चलना भी है या नहीं!

व्यक्तिपूजा मुझे बिलकुल बर्दाश्त नहीं. इसलिये मैं गाँधीजी को अतिमानवीय नहीं मान सकता। आम आदमी की तरह गाँधीजी के चरित्र में भी खामियाँ थीं, कुछ तो बेहद बड़ी। इसके बावजूद गाँधी का समग्र मूल्याँकन एक ऐसे चरित्र को सामने लाता है, जिसमें अच्छाइयों ने चरित्रगत दोषों को ढकने में सफलता प्राप्त की है।

गाँधी की सबसे बड़ी सफलता इसीमें थी कि उन्होंने ३० करोड़ दबे-कुचले, शोषित, भीरू और स्वभावतः कायर लोगों के मुल्क को आत्मबल, अहिंसा और सत्याग्रह जैसे अमोघ अस्त्र दिये। वरना यही मुल्क है जिसे १८५७ की सशस्त्र क्रांति को प्रथम स्वातंत्र्य संघर्ष का नाम देने को लेकर अब भी मतभेद है। मुझे नहीं लगता कि सदियों से कुचली, आत्मगौरव विस्मृत जनता का 0.001 फ़ीसदी तबका भी सशस्त्र क्रांति के तरीकों को सलीके से सब्स्क्राइब कर सकता था। क्रांति सिर्फ हथियार उठाने से ही संभव नहीं हो जाती, अपितु उस हथियार की विचारधारा को भी आत्मसात करना होता है। वरना क्या कारण है कि भगत सिंह को ‘बम की फिलासफी’ नामक पर्चा लिखना पड़ा। क्या कारण है कि एक समय राष्ट्र की सर्वोत्कृष्ट मेधा द्वारा पोषित नक्सली विचारधारा राह भटककर आंतरिक शांति के लिये सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है। कानू सान्याल से छत्रधर महतो के सफ़र में हथियारों की सॉफीस्टिकेशन तो बढ़ी है, लेकिन विचारधारा का अभूतपूर्व ह्रास हुआ है। सशस्त्र क्रांति और आतंकवाद के बीच एक बड़ा महीन फ़र्क होता है- विचारधारा का।

मुझे नहीं लगता कि तत्कालीन जनता इस फ़र्क को तमीज से समझ पाती। इसीलिये इस मुल्क़ को गाँधीवाद की सख्त जरूरत थी।

और यही वजह थी कि देश ने गाँधीजी को हाथोंहाथ लिया, सर-आँखों पर चढ़ाया, और यही गाँधी की कमजोरी भी बना। गाँधीजी ने कभी बहुजन की बात नहीं की, सर्वजन की बात की। इसीलिये उन्होंने ख़िलाफ़त जैसे सांप्रदायिक आन्दोलन का समर्थन किया। जिन्ना, रहमत अली, शौक़त अली और सुहरावर्दी जैसे वैमनस्य के बीजों को पनपने का मौका दिया और उस छोटे से तबके के प्रति तुष्टिकरण की नीति अपनाकर नासूर को कैंसर बन जाने दिया। किया तो उन्होंने यह सब येन-केन-प्रकारेण राष्ट्रीय एकता को बरकरार रखने के लिये। दोनों समुदायों को किसी भी प्रकार संयुक्त परिवार की तरह रखने के लिये। लेकिन बात बेहद बढ़ जाने तक शायद वे यह नहीं समझ पाये कि कैंसर का इलाज़ वैद्य या हक़ीम के पास नहीं, शल्य-चिकित्सक(Surgeon) के पास होता है। काश उस समय गाँधीजी ने बहुजन की कीमत पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण को बढ़ावा नहीं दिया होता तो मुल्क़ की तस्वीर आज कुछ और होती।

(जारी….)

7 महीने 16 दिन बाद…

27 जनवरी-12 सितम्बर.. 7 महीने से उपर हो चुके कुछ लिखे; और आज न लिखने का व्रत तोड़ बैठा।

ऐसा नहीं है कि कुल जमा 17 पोस्टों में अपनी समस्त सोच उड़ेलकर खाली हो गया था इसलिये किनारा कर लिया। ऐसा भी नहीं है कि आज्ञाकारी बालक की तरह ‘काकचेष्टा बकोध्यानम’ में तल्लीन हो गया होऊँ।

कहीं सुना था कि सबसे बड़ी तकलीफ़ आस्था टूटने की होती है। और जब किसी और में नहीं, स्वयं में आस्था भंग होने लगे तो क्या किया जाय, इस प्रश्न पर क्या कभी किसी ने विचार किया?

स्वयं में आस्था का भंग होना कोई ऐसी (दु:)घटना नहीं, जो रोज घटती हो। शायद इसीलिये इसका आभास मिलते ही लगने लगता है कि कुछ बहुत ग़लत हो रहा है।

ऐसा नहीं कि मेरे साथ कुछ ऐसा घटित हुआ हो। हाँ, इतना जरूर है कि परिवार, समाज, और अन्य की तो दूर, जब स्वयं की स्वयं से की गयी उम्मीदें भी सार्थक होती न दिखाई दें, ऐसा समय आने-सा लगा था। और उन्हीं क्षणों में निर्णय ले बैठा-‘टू कलेक्ट एंड बर्न एवरीथिंग, एंड अगेन स्टार्ट फ्रॉम एशेज..’। और यही वजह थी इस प्रकार ‘हाइबरनेट’ मोड में चले जाने की।

ख़ैर छोडि़ये, कहाँ से ये फालतू की बातें ले बैठा। असल में बड़े ‘ग्रे’ मूड में ये पोस्ट लिखने बैठा था। अब डर रहा हूँ कि इस आयतुल फारसी को पढ़ने की फ़ुरसत किसके पास होगी! सो अपने स्व में वापस लौटने का प्रयास करता हूँ।

कहाँ तो ब्लॉगजगत को ‘ले लो अपनी लकुटि कमरिया, बहुतहिं नाच नचायो’ कहकर बंदा पढ़ने-लिखने में मशग़ूल होने का भ्रम पाले बैठा था, कहाँ इतने दिनों बाद क़तई भावुक कर देने वाली पोस्ट और टिप्पणी पढ़कर फिर लकुटि कमरिया उठाने दौड़ पड़ा हूँ। ब्लॉगिंग की शुरुआत में सारथी जी की एक पोस्ट पढ़्ने को मिली थी, जिसमें उन्होंने ब्लॉगरों का वर्गीकरण किया था। पाँचवी श्रेणी के ब्लॉगर वे थे जिनके बारे में कहा गया था कि ये चार दिन की चाँदनी की तरह हैं। मैं भी उसी श्रेणी में गिना जाने लगा होऊँगा, ऐसी उम्मीद है।

ब्लॉगजगत में मेरे पथप्रदर्शक ‘सिद्धार्थ जी’ ने अपनी पहली टिप्पणी में ही कहा था- जितना लिखो, उससे कई गुना ज्यादा पढ़ना। और ऐसा मैनें किया भी। अगर किसी की पोस्ट पूरी ईमानदारी से पढ़कर उसपे कोई सार्थक टिप्पणी न करो, तो अपनी पोस्ट पर किसी की टिप्पणी अगोरने में अपराधबोध महसूस होता था। अस्तु, तीन-चार घंटे दैनिक की ब्लॉगरी के बाद जो बचे-खुचे पलछिन नसीब हुए, उसमें क्या पढ़ें और कितना पढ़ें? ये तो वही बात हुई कि ‘एकै लंगोटी, का धोयें का सुखायें’। हुआ बस इतना कि पाँचवे सेमेस्टर में इकसठ अशारिया छ: फ़ीसद नम्बर पाकर टापते रह गये। अब्बा हुजूर की नश्तर-ए-नजर ने कुछ यूँ भेदा कि ब्लॉगजगत को..‘तेरा तुझको सौंपते, क्या लागत है मोर’

लेकिन नहीं साहब, अब बी.टेक. के चौथे(और आखरी) साल में आकर ब्लॉगरी का चूहा फ़िर से पेट में दौड़ने लगा। और तीन घटनाएं ऐसी हुईं, जिन्होंने कलम में फिर से जान फूँक दी।

पहले दो तो फैमिली मैटर हैं- एक- सत्यार्थमित्र की क़िताब छपकर आना, दूसरी- सिद्धार्थ जी की सारी सफलता का(और सर के लगातार कम होते बालों का भी) राज़ उनकी श्रीमती जी, और हमारी अग्रजा ‘रचना जी’ का उनसे पृथक एक ब्लॉग- ‘टूटी-फूटी’ का निर्माण। ऐसा करके उन्होंने निश्चित ही स्वयं को बेटर-हॉफ़ सिद्ध किया है, लेकिन गर्व इस बात का है कि उनके इस क़दम से ‘सत्यार्थमित्र’ का रंग भी फीका हुआ है। सर्वहारा ने भी शासन में घुसपैठ की है, अब मॉस्को दूर नहीं…

तीसरा तो निहायत ही संजीदा मसला है। हमारे गिरिजेश जी को जाने कहां से हमारे ब्लॉग का पता मिला, और अपने चिठ्ठे पर उन्होंने मेरी तारीफ में जाने क्या-क्या लिख मारा कि मियाँ लोग हमारे ताबूत से भी कीलें उखाड़कर हमें निकाल लाये।

देखिये, मैं गिरिजेश जी को जानता भी नहीं हूँ। यह सिर्फ मुझे एक संजीदा ब्लॉगर सिद्ध करने का कुत्सित प्रयास है, और कुछ नहीं। लंठ जी को कोई ग़लतफ़हमी हुई है। ये दीग़र है कि उनकी इस ग़लतफ़हमी का हमने काफ़ी फायदा उठाया। उस पोस्ट की लिंक सबको सीना फुलाकर ई-मेल की। इस तुर्रे के साथ… हजारों साल नरग़िस अपनी बेनूरी पे रोती है, बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा..

और हाँ पाबला साहब, आशंकित होने की कोई बात नहीं। हम सर्वथा स्वस्थ-सानंद हैं, ब्लॉग पर तो हलचल होती रहेगी।

जो भी हो, एक पोस्ट तो हुई। भले ही 26 जनवरी से 15 अगस्त हो गये। शेष फिर कभी..

  • ठेलोपरांत- और हाँ, हम केवल शनिवार और रविवार को ब्लॉगिंग करेंगे। बहुत हुआ तो किसी-किसी सोमवार को। देखते हैं ये प्रतिज्ञा कितने महीने/दिन/घंटे चलती है।

किस जन-गण-मन अधिनायक की स्तुति करें..? किस भाग्यविधाता के आगे झंडी लहरायें..?

एक और छ्ब्बीस जनवरी बीत गई। सेना के तीनों अंगों के जवान एक बार और कदमताल मिलाकर चल लिये, उँची इमारतों पर तिरंगा एक बार और फहर गया, मिठाइयां फिर बँट गईं, जन-गण-मन अधिनायक की स्तुति एक बार और हो गई, एक और छब्बीस जनवरी बीत गई।

लेकिन यह गणतंत्र है किसका..? क्या इसी गणतंत्र का सपना देखतीpic हमारे राष्ट्रनायकों की आँखें मुंदी थीं..? उनसठ साल पहले ही क्या हम ग़लत रास्ते पर चल पड़े थे या इन लम्बी, अँधेरी, कुहासे भरी राहों में कोई मोड़ जो लेना था, वह छूट गया..? कुछ तो ग़लत है वरना मेरे आगे ये दीवार कैसी..? कोई रास्ता क्यों नहीं सूझता..?

कालाहाँडी और पलामू के आदिवासी जो भूख मिटाने के लिये बच्चे बेच रहे हैं, बन्दर-साँप-चूहे और पेड़ की पत्तियाँ खा कर गुजारा कर रहे हैं वे किस जन-गण-मन अधिनायक की स्तुति करें..? खेलने-कूदने की उम्र में जो हाथ प्लेटें साफ कर रहे हैं, पटाखे बना रहे हैं, दुकानों में/कालीन उद्योग में ज़िन्दगी गर्क़ कर रहे हैं वे किस भाग्यविधाता के आगे झंडी लहरायें..? निजीकरण के नाम पर फ़ीसें बढ़ाकर, शिक्षण संस्थाओं को दौलतमंदों के नाम आरक्षित कर जिन छात्रों की प्रतिभा दौलत और सियासत के जूतों तले रौंदी जा रही है, वे तव शुभ आशिष माँगें या भविष्य को उज्जवल बनाने के लिये समय रहते हाथों में जस्ते का कटोरा थाम लें..? कहाँ है इनका गणतंत्र..?

मेरा कश्मीरी विस्थापित दोस्त कहता है हमारे बगीचे में जो सेब होते थे, काश तुझे खिला सकता। तब शायद तू समझ पाता ये मेस में मिलने वाले फल सेब नहीं कुछ और हैं.. उमर अब्दुल्ला कहते हैं वादी में ’हिन्दुस्तानी’ सीआरपीएफ़ के चलते कश्मीरी एलियनेशन(alienation) फील कर रहे हैं। शायद मेरे दोस्त को भी फील होता होगा..

तथाकथित ’फ़ेक’ जामिया एनकाउन्टर में मारे गये इंस्पेक्टर शर्मा को अशोक चक्र दिया जाता है। उनकी विधवा राहत की साँस लेती हैं। पतिदेव अब जाकर ’ऑफिशियली शहीद’ हुए हैं। शायद अब सवाल कम हों।

सिर्फ एक अनजाना डर दिखाकर, धर्मभीरुता का फायदा उठाकर एक पूरी क़ौम को रोटी-पानी-मकान-बिजली-सड़क से महरूम रखा गया, नतीजा उनकी रग-रग में कट्टरता लहू के साथ रवाँ है। और आज उनके मजहबी अंधेपन का आलम यह है कि किसी को ग़जा पर हुए हमले पड़ोसी की ब्लास्ट में मौत से ज्यादा तक़लीफदेह लगते हैं। इतना हौवा खड़ा कर दिया जाता है कि देश के सर्वाधिक विकसित प्रान्त को विकास के चरम तक ले जाने वाला करिश्माई, आज की तारीख में राष्ट्रीय नेतृत्व का सबसे ’प्रामिसिंग’ दावेदार उन्हें सिर्फ ’मौत के सौदागर’ के रूप में ही स्वीकार्य है..। 

अठारह घंटे प्रतिदिन काम करके पैसे कमाने वाला एक सॉफ़्टवेयर इंजीनियर जब इनकम टैक्स देता है तो उसे पता नहीं होता कि यह गाढ़ी कमाई राष्ट्रनिर्माण की बजाय चंद सब्सिडी, लॉलीपॉप देने में जाया हो रही है। ग़रीब किसान के नाम पर भू-माफियाओं को, सहकारिता के बड़े मगरमच्छों को 84000 करोड़ का चारा देने में खर्च हो रही है।

एक सरकारी विभाग में कर्मचारी ’भयमुक्त समाज की पहरुआ’ के जन्मदिन पर प्राणों का उपहार देता है। उस आपराधिक मुख्यमंत्री की राजधानी से चुनाव मैदान में विरोधी पार्टी उसे खड़ा करती है जो मुंबई धमाकों का सजायाफ़्ता मुजरिम है। लोहिया, जयप्रकाश, महामाया बाबू की पार्टी आज पूंजीवादियों और सीमा परिहार, मुख्तार अंसारी, और आज़म खाँ जैसों की जेब में है।

गणतंत्र सठिया रहा है। नहीं, अभी तो युवा है। राजनीति ने युवा की परिभाषा ही बदल दी है। मुल्क़ की आधी आबादी 40 वर्ष से नीचे है, उसका नेतृत्व करने के लिये अस्सी साल के युवा दम ठोंककर पाले में खड़े हैं, सभी कह रहे हैं-अभी तो मैं जवान हूँ।

युवा पीढ़ी यौवन में मदमस्त है। भगत सिंह के साथ ब्रिटिश शासन की चूलें हिला देने वाला, जयप्रकाश के साथ भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ बिगुल बजाने वाला युवा आज रोलिंग स्टोन के साथ कूल्हे मटकाने के लिये पुलिस के डंडे खाने को भी तैयार है। जातिवाद, आरक्षण की राजनीति के खिलाफ एक राजीव गोस्वामी संसद के सामने आत्मदाह कर लेता है, तो उसी का समवयस्क शराब न पेश करने पर जेसिका लाल को गोली से उड़ा देता है, प्रपोजल न स्वीकार करने पर प्रेमिका को एसिड से जलाकर मार देता है। वहीं एक लड़की नये प्रेमी के साथ मिलकर पुराने प्रेमी के शरीर के 300 टुकड़े कर देती है।

प्रश्न वहीं है- कहाँ रास्ता भूले हम..? कहाँ से ये दीवार आई सामने..? कहीं सुना है.. हर डेड-एंड से भी एक रास्ता निकलता है। वह है यू-टर्न का। 

क्या वक़्त आ गया है यू-टर्न लेने का..? इज इट टाइम टू कलेक्ट एंड बर्न एवरीथिंग, एंड टू स्टार्ट अगेन फ्रॉम द एशेज टू ग्लोरी..?

शायद कोई और रास्ता है भी नहीं। किसी प्रसिद्ध कवि की पंक्तियां याद आ रही हैं--

भगत सिंह इस बार न लेना काया भारतवासी की,
देशभक्ति के लिये आज भी सजा मिलेगी फाँसी की.
जनता की यदि बात करोगे, तो गद्दार कहाओगे,
बम्म-सम्म की छोड़ो, भाषण दिये कि पकड़े जाओगे..

हम आज तक अपने आप को माफ़ नहीं कर पाये कि भिंडरावाले हमारी क़ौम में पैदा हुआ, वे कैसे दुनिया से नजर मिलायेंगे जिनके घर-घर में अफ़जल गुरु हैं..........

मैनें खिड़की से बाहर देखा तो रामपुर स्टेशन बीत रहा था। चलो गनीमत है अभी तक तो सही-सलामत चल रही है, अब समय से दिल्ली पहुँचा दे तो सही है।

25 दिसम्बर की सुबह मैं बरेली से दिल्ली कुछ कार्यवश जा रहा था, रात 12 बजे की श्रमजीवी एक्सप्रेस 9 घंटे के विलम्ब के बाद सुबह रवाना हुई थी। बेंच की चौड़ाई के साढ़े चार इंच हिस्से में सो-कर, उंघकर रात बिताने के बाद मैं अपनी आरक्षित बर्थ पर फैला हुआ उसकी चौड़ाई का आनंद उठा रहा था कि मेरे कानों में ये शब्द पड़े।

स्वाभाविक उत्सुकतावश मैनें देखा- एक 50-55 वर्ष की अवस्था के सिख सज्जन एक अन्य बुजुर्गवार से बातें कर रहे थे। बुजुर्गवार की वय 80 से उपर तो रही ही होगी, खादी की जैकेट-कुरता-धोती, माथे पर गाँधी टोपी, खासा प्रभावशाली व्यक्तित्व था दोनों का।

बुजुर्ग सज्जन मेरे साथ ही सवार हुए थे, और मुझे बाद में पता चला कि जिस कूपे में हम तीन यात्रा कर रहे थे उसी में एक सज्जन को धूम्रपान करता देख उन्होंने सहज ही प्रश्न कर डाला-

क्यों भाई, सिगरेट क्यों पी रहे हो?

अचकचाये सज्जन बोले- यूँ ही, बस टाइम पास के लिये।

अरे अगर टाइम पास करना है तो मुझसे गप्पें ही लड़ा लो, क्यों इसपर अपना पैसा भी जाया कर रहे हो और सेहत भी?

उसके बाद उन सज्जन का तो पता नहीं पर सारे कूपे की रुचि बुजुर्गवार में जागृत हो गई उन सिख सज्जन की भी, जो अबतक चुपचाप बैठे हुए थे। उनमें बातें शुरु हो गईं और जब इन्हीं बातों के दरमियान मैनें ये शब्द सुने तो आँखों ने सोने से इस्तीफा दे दिया।

मैं चुपचाप दोनों की बातें सुनता रहा, थोड़ी देर बाद उपयुक्त अवसर पर मैं भी चर्चा में शामिल हो गया। वहाँ जो सुना, वही स्मृति के आधार पर प्रस्तुत कर रहा हूँ।

बात चल रही थी धार्मिक कट्टरता तथा अल्पसंख्यक(पढ़ें मुस्लिम) तुष्टिकरण की। जब वे सज्जन बोल उठे-

बाबूजी, सन 71 में किसी ने मुझसे सिख की परिभाषा पूछी। मैनें जवाब दिया ’वी आर नो वन एल्स बट द बेस्ट ऑफ हिन्दूज’. जब हमारे हिन्दू धर्म पर संकट आया, तब हमारे दशमेश ने हमें ये बाना दिया। वे भीड़ में छुपकर मारते थे, हमारे गुरु ने हमें सजाया और बोला तुम सामने से लड़ना। वी सिंबलाइज्ड द माइट ऑफ हिन्दुइज्म टू देम एंड डेयर्ड देम टू अटैक ऑन अस, क्लीयरली डिस्टिन्ग्विशेबल इन द क्राउड। हम तो बस अपने हिन्दू धर्म की आर्मी थे।

इसके बावजूद हम आज तक अपने आप को माफ़ नहीं कर पाये कि भिंडरावाले हमारी क़ौम में पैदा हुआ, वे कैसे दुनिया से नजर मिलायेंगे जिनके घर-घर में अफ़जल गुरु हैं..... वैसे भी भिंडरावाले हमारी क़ौम में पैदा हुआ था जरूर, लेकिन उसे हमारे उपर थोपा तो आपने ही था। फिर भी हम अपनी ग़लती मानते हैं कि उसकी इन हरकतों के बावजूद हमने उसे डिसओन(Disown) क्यों नहीं किया। मैं तो आर्मी को भी दोष नहीं देता कि अकाल तख्त को चोट कैसे आई! गलती हमारी है कि हमने उस देशद्रोही, पंथद्रोही को अपने हरमंदिर साहिब में घुसने कैसे दिया उस अकाल तख्त पर बैठने की इजाजत कैसे दे दी जिसपर दशमेश भी नहीं बैठे। आपने हमें गाजर-मूली की तरह काटा, स्टेटमेंट दिये कि "बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती तो हिलती ही है.." फिर भी हम ने कोई शिक़वा नहीं किया। हम बस ये सोचते रहे कि कोई दूसरा भिंडरावाले फिर कभी न पैदा होने पाये........

और मैं सोचता रहा अपने नेता की हत्या पर क्रोधित होकर एक पूरी क़ौम का सफाया करने को आतुर हो उठा समाज किन गलियों से गुजरते हुए आज उस मुर्दा हालत में आ पहुँचा है जहाँ आतंकवाद का भी रंग तय होने लगा है। जहाँ ब्लास्ट में सैकड़ों जानें लेने वाले दहशतगर्द सिर्फ़ ’सिरफिरे’ कहला कर बच जाते हैं। ए.के. 47 की गोलियों के मुकाबले ’हीलिंग टच’ की नीति अपनाई जाती है और राष्ट्र की अवधारणा के प्रतीक पर हमला करने वाले गद्दार की फांसी सिर्फ जुमे के नाम पर टाल दी जाती है। आतंकवाद के हर राष्ट्रद्रोही कृत्य को बाबरी मस्जिद विध्वंस की प्रतिक्रिया बताने का घिसा-पिटा रेकार्ड अठारह साल बाद भी झाड़-पोंछ कर हर बार चलाया जाता है। कोई यह सोचने की जहमत नहीं उठाता कि अगर सिख अपने उपर हुए अत्याचारों की प्रतिक्रिया करना चाहते तो आज पाकिस्तान के नमकहलाल अन्तुले की कई पुश्तें दोजख़नशीं हो चुकी होतीं, और सोनिया मैडम भी सपरिवार इटली में हवाखोरी कर रही होतीं। क्या किसी को यह नहीं समझ आता कि स्वर्ण मंदिर और अमरनाथ ब्लास्ट की प्रतिक्रियायें अगर होने लगें तो ’प्रपोर्शनेट रिएक्शन’ नाम की कोई चीज़ नहीं होगी। छद्म सेकुलरपंथियों को यह बात जाने कब समझ आयेगी कि हर अहमदाबाद की जड़ में गोधरा होता है।

खैर छोड़िये, विषय से भटकने की आदत होती जा रही है। उन सज्जन ने दिल्ली स्टेशन पर उतरने से पहले एक बात कही थी-

जानते हो, मेरे पिता अविभाजित भारत में लाहौर कालेज में प्राध्यापक थे और बच्चों को आत्मरक्षार्थ बम बनाना सिखाते थे। आजादी के बाद उन्हें सरदार पटेल ने एक रुक्का लिखकर दिया था- "गुरबख्श हिन्दुस्तान की एक बेशकीमती जान है, इसकी हर सूरते-हाल में हिफ़ाजत और मदद की जाय"। मेरे उपर मेरे छोटे बेटे और बीवी की जिम्मेदारी न हो तो मैं तो इस्लामाबाद में मानव-बम बनकर फट जाऊं। और ये जिम्मेदारी खत्म होने दो, कुछ न कुछ तो करुंगा ही।

यह बात मुझे और दुःख दे जाती है। एक शादीशुदा, गृहस्थ के मन में ये जज्बा है। और आज की हमारी पीढ़ी......! मुझे याद आता है टेक्निकल एंट्री स्कीम के तहत रिक्रूट्मेंट के लिये इंडियन आर्मी आती है, कुल 350 योग्य अभ्यर्थियों में से मात्र 32 अपीयर होने पहुँचते हैं। कहीं पढ़ा था- आर्मी में 13000 कमीशंड अधिकारियों की कमी है। समझ में आ जाता है क्यों.......

उन सज्जन का शुभ नाम था श्री गुरमीत सिंह रणधीर तथा सम्प्रति लखनऊ में एक बड़े बैंक में सीनियर मैनेजर(पी.आर.) हैं।

चलते चलते: कल नेताजी का जन्मदिन था। एक व्यक्तित्व जिसने दुश्मन की आँखों में आँखें डालकर देखना सिखाया। इसी आत्मविश्वास की एक खुराक और चाहिये नेताजी......

    Review My Blog at HindiBlogs.org

    अपनी खबर..

    My photo
    पेशे से पुलिसवाला.. दिल से प्रेमी.. दिमाग से पैदल.. हाईस्कूल की सनद में नाम है कार्तिकेय| , Delhi, India

    अनुसरणकर्ता

    Your pictures and fotos in a slideshow on MySpace, eBay, Facebook or your website!view all pictures of this slideshow

    विजेट आपके ब्लॉग पर

    त्वम उवाच..

    कौन कहाँ से..